बाइक सवार दंपती से गनप्वाइंट पर लूटपाट
मसूरी। बड़का आरिफपुर से बाइक पर मुरादनगर जा रहे एक दपंती से हथियारबंद बदमाशों ने गनप्वाइंट पर लूटपाट की। बदमाशों ने पति की कनपटी पर तमंचा तानकर महिला से ज्वेलरी, नकदी और मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पति को तमंचे की बट से पीटा। बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन मसूरी और मुरादनगर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। एएसपी के हस्तक्षेप के बाद मसूरी पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज की।
बड़का आरिफपुर के रहने वाले नाजिम की मुरादनगर में फैब्रिकेशन की दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे वह बाइक पर पत्नी नरगिस को साथ लेकर गंगनहर पटरी के रास्ते मुरादनगर जा रहे थे। गंगनहर पटरी पर थोड़ा आगे जाते ही बाइक पर दो बदमाश आए और तमंचा तानकर दपंती को रोक लिया। बदमाशों ने नाजिम की कनपटी पर तमंचा तान दिया और नरगिस के कानों से सोने की छह बालियां लूट लीं। बदमाशों ने उनसे छह हजार की नकदी और दो मोबाइल भी लूट लिए। नाजिम ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें तमंचे की बट से पीटा और फरार हो गए। नाजिम के मुताबिक उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन मसूरी और मुरादनगर दोनों एक-दूसरे के थाना क्षेत्र की घटना बताकर टरकाते रहे। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों के पास पहुंची तो एएसपी अपर्णा गौतम ने मसूरी थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। एसएचओ मसूरी ओपी सिंह ने बताया कि लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।