एनसीआर में लूट करने वाले चार बदमाश दबोचे
साहिबाबाद। इंदिरापुरम पुलिस ने दिल्ली एनसीआर में चोरी और लूट की वारदात करने वाले चार बदमाशों को यूपी गेट के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल, सात हजार रुपये, एक तमंचा और दो चाकू बरामद किए हैं।
एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि रविवार रात यूपी गेट के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। चारों पुलिस को देखकर यूपी गेट के पास झाड़ियों में छिपने लगे। इस दौरान पुलिस ने सभी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी सोनू उर्फ शान मोहम्मद निवासी डासना मसूरी, आदित्य कुमार उर्फ शिशु निवासी जौनपुर, किशन निवासी प्रताप विहार विजय नगर और तापस मिश्रा निवासी वंदना एंक्लेव खोड़ा गाजियाबाद हैं। पुलिस ने इनसे पूछताछ की तो पता चला कि चारों दिल्ली एनसीआर में घरों में चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देते थे। तलाशी लेने पर इनके पास से एक तमंचा, दो चाकू, सात हजार रुपये, चोरी के एक जोड़ी टॉप्स, तीन अंगूठी, एक मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ है। सोमवार को चारों को जेल भेज दिया गया है।