दिल्ली और नोएडा के ध्यानार्थ
सहारनपुर पैसेंजर के लेट होने पर पथराव
- लोनी रेलवे स्टेशन पर की तोड़फोड़, स्टेशन अधीक्षक ने दी शिकायत
- दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर ट्रैक खराबी के चलते ठप था संचालन
अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद। दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर संचालन ठप होने से शनिवार को दिल्ली सहारनपुर पैसेंजर देरी से लोनी रेलवे स्टेशन पहुंची। पैसेंजर से पूर्व मालगाड़ी रवाना करने पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए यात्रियों ने लोनी स्टेशन पर पथराव कर दिया, दुकानों व बाइकों में तोड़फोड़ की। पुलिस के आने पर सभी ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। स्टेशन अधीक्षक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
लोनी स्टेशन अधीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली-शामली मार्ग के खेकड़ा स्टेशन पर अंडरपास के नजदीक ट्रैक धंस गया था। इससे सुबह करीब 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालन ठप था। शाम करीब 6:40 बजे लोनी स्टेशन पहुंचने वाली दिल्ली सहारनपुर पैसेंजर रात करीब 9:40 बजे लोनी स्टेशन पहुंची। पैसेंजर के रवाना होने से पूर्व स्टेशन पर खड़ी माल गाड़ी को रवाना कर दिया गया। इससे यात्री भड़क गए और स्टेशन पर पथराव कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के आते ही हंगामा कर रहे सभी यात्री ट्रेन में सवार हो गए। रात 10:00 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। जीआरपी चौकी प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि 15 से 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ दुर्गेश सिंह का कहना है कि स्टेशन अधीक्षक की शिकयत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।