1200 रुपये मांगने पर कैंटीन संचालक को गोली मारी
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के मेरठ रोड पर महज 1200 रुपये मांगने पर तीन युवकों ने मॉडल शॉप के कैंटीन संचालक को गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी। आरोपी सफेद रंग की आई-20 कार में फरार हो गए। घायल कैंटीन संचालक को मेरठ रोड स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
हापुड़ के रहने वाले नरेश कुमार मेरठ रोड स्थित डीपीएस स्कूल के सामने मॉडल शॉप में कैंटीन चलाते हैं। नरेश ने बताया कि करीब साढ़े तीन बजे तीन युवक कैंटीन में आए और शराब के साथ खाने-पीने का सामान लिया। उन पर 1200 रुपये से ज्यादा का बिल बना। खाने-पीने के बाद वह एक-एक कर बाहर जाने लगे। उन्होंने बिल मांगा तो युवकों ने धमकाते हुए कहा कि कैसा बिल दें और बाहर खड़ी सफेद आई-20 कार में जाकर बैठ गए। नरेश कार के पास पहुंच गए और खिड़की खोलकर 1200 रुपये मांगने लगे। इसी दौरान कार सवार एक युवक ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली नरेश के दाहिने पैर के घुटने में लगी। आरोपी फरार हो गए। आसपास के लोगों ने नरेश को अस्पताल पहुंचाया। करीब 10 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सीओ सिटी मनीषा सिंह का कहना है कि कार नंबर के आधार पर आरोपियों को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का स्टीकर लगा था गाड़ी पर
कैंटीन संचालक नरेश को गोली मारकर भागने वाले युवकों की कार पर आगे और पीछे पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। उन्होंने पुलिसिया एनकाउंटर की तरह पैर में गोली मारी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं गोली मारने वाले सिविल वर्दी में एसओजी वाले तो नहीं थे। हालांकि पुलिस इससे इंकार कर रही है। सीओ सिटी का कहना है कि जांच में सभी बिंदु स्पष्ट हो जाएंगे।