कारोबारी की पत्नी से बाइकर्स ने की लूटपाट
राजनगर एक्सटेंशन में मंगलवार शाम बेखौफ बाइकर्स ने एक महिला को धक्का देकर पर्स लूट लिया। वारदात राजनगर रेजीडेंसी के पास हुई। गौड़ कैसकेड निवासी कारोबारी अनिल शर्मा की पत्नी सुनीता मंगलवार शाम राजनगर रेजीडेंसी में बेटी के फ्लैट पर गईं थीं।
लौटते समय अपार्टमेंट के बाहर से वह ऑटो में बैठ रहीं थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनका बैग लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया। इस दौरान बैग का हैंडल टूट गया और बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन था। सुनीता ने बताया कि दोनों बदमाशों ने चेहरे पर काला कपड़ा बांध रखा था।
पीड़ित महिला ने बताया कि घटना की सूचना उन्होंने राहगीरों की मदद से पुलिस को दी। इस दौरान एक पीआरवी आई और उनकी शिकायत ली। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कहा कि आला अधिकारी आकर शिकायत लेंगे और रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। बुधवार शाम तक उनके पास कोई नहीं पहुंचा। हालांकि मामला एसओ के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तुरंत चौकी इंचार्ज को भेजकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।
मंगलवार रात बाइकर्स ने डासना में एनएच-24 पर ऑटो सवार डांस टीचर से मोबाइल लूट लिया। सतीश कालोनी निवासी योगेश रात करीब साढ़े नौ बजे गाजियाबाद स्थित एक इंस्टीट्यूट से डांस सिखाकर ऑटो से घर लौट रहे थे। वह ऑटो में किनारे की सीट पर बैठे थे। डासना टोल के पास पीछे से काले रंग की बाइक पर आए बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल लूट लिया। उन्होंने शोर मचाया मगर बदमाश फरार हो गए।
बुधवार सुबह बाइकर्स ने पुराना बस अड्डा के पास ऑटो सवार बीटेक छात्रा से मोबाइल लूट लिया। राजनगर सेक्टर-4 निवासी श्रेया कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक छात्रा हैं। बुधवार सुबह वह मोहन नगर से कोचिंग कर घर लौट रही थीं। पुराना बस अड्डा से उन्होंने राजनगर के लिए ऑटो लिया। ऑटो कुछ आगे ही निकला था कि पीछे से काले रंग की पल्सर पर आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल लूट लिया। उन्होंने शोर मचाया मगर बदमाश भाग निकले।