पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने पर भिड़े दो पक्ष, तीन घायल
रामपार्क कालोनी में सोमवार देर शाम बाइक सवार युवकों द्वारा स्टंट कर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने पर कालोनी के लोगों ने विरोध जताया। इसको लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंटें चलीं।
घटना में तीन लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। तनाव को देखते हुए कई थानों का पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि रात करीब आठ बजे तीन-चार बाइक पर सवार कुछ युवक स्टंट कर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। तभी कालोनी के लोगों ने विरोध जताया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी। कालोनी के लोग एकत्र हुए तो बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद आरोपी युवकों के साथ 15-20 युवक मौके पर पहुंचे और कालोनी के लोगों के घर में घुसकर लाठी डंडों से मारपीट की। कालोनी के लोग इकट्ठा होकर उनसे भिड़ गए और लाठी डंडों से पिटाई कर उन्हें खदेड़ दिया।
दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थरबाजी भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान तनाव को देखते हुए इलाके में भारी फोर्स तैनात कर दिया गया।
सीओ श्रीकांत प्रजापति का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घायल युवकों में से एक की हालत गंभीर है। जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने की आरोपियों पर रासुका की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर और हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के लिए रासुका के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की है। विधायक ने कहा कि वह इस मामले की जानकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।