ईएमयू से गिरकर महिला-बच्चे की मौत
साहिबाबाद। मोहननगर के पास शनिवार दोपहर दिल्ली से गाजियाबाद जा रही ईएमयू से गिरकर महिला और छह साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एसएचओ साहिबाबाद राकेश सिंह ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि ट्रेन से गिरकर एक महिला और छह साल के बच्चे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की तो प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला और बच्चे गाजियाबाद जा रही एक ईएमयू ट्रेन से गिरे हैं। दोनों की तलाशी ली गई, लेकिन उनके पास से ऐसा कुछ बरामद नहीं हुआ, जिससे उनकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।