10 साल के बच्चे का शव मिला, हत्या की आशंका
सिहानी रोड पर दोपहर मिला था शव, गले पर मिले निशान
झुग्गी में रहने वाला बच्चा बीनता था कूड़ा
गाजियाबाद।
सिहानी रोड पर भूमिया मंदिर के पास सड़क किनारे बुधवार दोपहर एक 10 साल के बच्चे का शव मिला। मृतक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह पता चल सकेगी।
पुलिस के मुताबिक शव की पहचान सोहेल के रूप में हुई है। वह विश्वास नगर, माता वाली गली में झुग्गी में मां रूबीना के साथ रहता था। उसके पिता शोएब खान की मौत पहले हो चुकी थी। मां-बेटे कूड़ा बीनकर घर चलाते थे। पुलिस के मुताबिक बच्चा कई-कई दिन तक घर से गायब रहता था और अपने दोस्तों के साथ फ्लूड का नशा भी करता था। बुधवार दोपहर उसका शव सिहानी रोड पर सड़क किनारे मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। एसएचओ सिहानी गेट विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि बच्चे की मौत कैसे हुई इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। उन्होंने बताया कि मृतक के गले पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।