रसोई में फटा गैस सिलेंडर
साहिबाबाद।
अर्थला की संजय कालोनी स्थित एक घर में बृहस्पतिवार दोपहर तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। आग लगने से मकान और घर के आगे बनी दुकान के कपड़े जलकर राख हो गए। परिवार के लोगों ने घर से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना पाकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
संजय कालोनी में निशार अहमद परिवार के साथ रहते हैं। वह घर में ही कपड़े की दुकान चलाते हैं। निशार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर उनकी पत्नी नसरीन खाना बना रही थी। अचानक सिलेंडर में आग लग गई। नसरीन के शोर मचाने पर वह किचन में गए और आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज हो गईं। यह देखकर वह अपनी पत्नी और साले की बेटी को लेकर बाहर की ओर भागे। बाहर निकलते ही धमाके के साथ सिलेंडर फट गया और पूरे मकान में आग फैल गई। दुकान में रखे सारे कपड़े भी जल गए। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। साहिबाबाद एफएसओ अबुल अब्बास हुसैन ने बताया कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि घरेलू सामान जल गया। निशार ने बताया कि आग से घर में रखे 35 हजार रुपये भी जल गए। तेज धमाके से दीवारों के प्लास्टर भी झड़ गए। किचन में रखे बर्तन फट गए। फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, कूलर समेत अन्य सामान जल गया।
नए सिलेंडर पर महिला बना रही थी खाना
निशार ने बताया कि 21 नवंबर को उनके घर पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी हुई थी। बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी नए सिलेंडर को लगाकर खाना बना रही थी। तभी सिलेंडर में लीक करने लगा। जिससे यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि सिलेंडर के धमाके से दीवारें नहीं फटी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ऊपर और आसपास के मकानों में लोग मौजूद थे।
देरी से पहुंची दमकल की गाड़ी
संजय कालोनी में संकरी गलियां हैं। इससे दमकल की गाड़ी पहुंचने में देरी हुई। घटनास्थल पर गली अधिक संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ी को थोड़ी दूरी पर ही रुकना पड़ा। दमकलकर्मियों ने वहां से पाइप लगाकर घटनास्थल तक पहुंचे और आग पर काबू पाया। वहीं, लोग टंकी के पानी के साथ नाली के पानी से आग बुझाने का प्रयास करते रहे।