साहब! पति ने एफबी पर डाला नंबर, आ रहे हैं अश्लील कॉल
गाजियाबाद। विवाद के बाद पति ने पत्नी का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उसके मायके का नंबर सार्वजनिक कर दिया। अब पत्नी के मायके में अश्लील फोन कॉल आ रहे हैं। कॉल करने वाले आपत्तिजनक बात कर युवती को परेशान कर रहे हैं। पीड़ित पत्नी ने अब पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामला सिहानी गेट थाना क्षेत्र की नंदग्राम कालोनी का है।
करीब एक साल पहले युवती की शादी पड़ोस के ही एक कस्बे में हुई थी। छह महीने पहले उसका पति से विवाद हो गया और तब से वह मायके में रह रही है। युवती ने बताया कि किसी ने फेसबुक पर उसका फर्जी अकाउंट बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट के साथ घर का नंबर सार्वजनिक कर दिया है। अब कुछ दिन से रोजाना 10-15 अश्लील फोन कॉल पहुंच रही हैं। कॉल करने वाले समझाने पर भी नहीं मान रहे। युवती का कहना है कि यह काम उसके पति का ही है। युवती मंगलवार दोपहर सिहानी गेट थाने पहुंची तो पुलिस ने उसे साइबर सेल में शिकायत देने की बात कहकर भेज दिया। अब युवती ने साइबर सेल में शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
मनचला युवती को कर रहा अश्लील कॉल
मुरादनगर। एक मनचला गांव की एक युवती को अश्लील कॉल कर परेशान कर रहा है। विरोध करने पर धमकी देता है। पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई है। एक गांव में व्यक्ति परिवार सहित रहता है। आरोप है कि फोन पर कोई युवक उसकी को मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता है। वह अश्लील बातें करता है। विरोध करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देता है। आरोपी के डर से युवती ने घर से निकलना बंद कर दिया है। ब्यूरो