हाथरस की रहने वाली महिला खोड़ा थाना क्षेत्र में बेटे और 15 वर्षीय बेटी के साथ रहती हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी कि घर के पास 15 साल का किशोर अपने भाई के साथ रहता है। किशोर ने कुछ महीने पहले उनके बेटे से दोस्ती की थी। धीरे-धीरे उसने घर आकर सभी के साथ विश्वास बना लिया। 25 मई को वह बेटे के साथ गांव गई थीं। इस दौरान छात्रा घर पर अकेली थी। रात करीब साढ़े नौ बजे किशोर उनके घर गया और छात्रा से बहाना बनाया कि उसका भाई ड्यूटी करने गया है। उसे खाना बनाना नहीं आता है। किशोर उनकी बेटी को घर ले गया, जब छात्रा खाना बना रही थी। तभी किशोर ने कोल्डड्रिंक में नशे का पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया।
सुबह पांच बजे छात्रा ने होश आने पर घटना का विरोध किया। किशोर ने धमकी दी कि यदि किसी को घटना बताई तो वह उसका वीडियो और फोटो वायरल कर देगा। आरोप है कि किशोर ने छात्रा को वीडियो फोटो वायरल करने की धमकी देकर उससे तीन बार दुष्कर्म किया और घर में रखे 19 हजार रुपये भी हड़प लिए। मां ने घटना का पता चलने पर किशोर और उसके भाई से विरोध किया। दोनों ने गाली-गलौज कर उन्हें परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि मां की शिकायत पर छात्रा से दुष्कर्म, धमकी देने, नकदी हड़पने और पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने किशोर को पकड़ लिया है। उससे घटना की जानकारी की।