ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया में बाइक सवार दो बदमाशों ने किसान और उनके भाई से हथियारों के बल पर पांच लाख रुपये लूट लिए। उन्हें डराने के लिए बदमाशों ने एक राउंड फायरिंग भी की। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज से बदमाशों का सुराग लगाने में लगी है।
खानपुर जप्ती गांव में किसान मित्रसेन त्यागी परिवार के साथ रहते हैं। उनके मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। मिस्त्री को रुपये देने के लिए वह मंगलवार को भाई बालेश्वर त्यागी के साथ ओरिएंटल बैंक से पांच लाख रुपये निकालने पहुंचे। सवा 12 बजे वह बैंक से पैसे लेकर निकले।
ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पानी की टंकी के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों भाई सड़क पर गिर गए। बदमाशों ने तमंचे से आतंकित करते हुए एक राउंड फायरिंग कर दी। मित्रसेन से नोटों से भरा बैग लूटकर बदमाश सोनिया विहार पुश्ते की ओर भाग गए।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। एसपी ग्रामीण राकेश पांडे, सीओ अनिल यादव और एसओ उम्मेद यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बैंक और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की। एसपी ग्रामीण का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग हाथ लगे हैं। बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिस वक्त वारदात हुई, उस समय डीएम और एसएसपी लोनी में तहसील दिवस में मौजूद थे।