2009 में आखिरी बार बनी थीं आंतरिक सड़कें
आरडब्ल्यूए के मुताबिक साल 2009 में आखिरी बार आंतरिक सड़कों का निर्माण हुआ था। 12 साल में अब तक बिल्डर ने सड़कों का निर्माण तो दूर मरम्मत तक की सुध नहीं ली है। रविवार रात को हुई बारिश के कारण फिर से कई पॉकेट की आंतरिक सड़कों पर पानी भर गया। अवंतिका विस्तार के विभिन्न ब्लॉक में कई सड़कों का नामोनिशान खत्म हो चुका है। ऐसे में लोगों का पैदल चलना दूभर है। गड्ढों और बारिश का पानी जमा होने से बाइक फिसलने और लोगों के चोटिल होने की तमाम घटनाएं हो चुकी हैं। बड़े गड्ढे होने से कई दिनों तक बारिश का पानी जमा रहता है। आंतरिक सड़कों का निर्माण कराने और बिल्डर पर दबाव बनाने की कॉलोनी वासियों ने जीडीए अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन नतीजा सिफर रहा।
फिर से कोर्ट का करेंगे रुख
अवंतिका एक्सटेंशन की आंतरिक सड़कों का हाल बेहाल है। बिल्डर, जीडीए, नगर निगम कहीं भी सुनवाई नहीं होने पर मजबूरी में हाईकोर्ट में याचिका डाली थी। नौ माह बीतने के बावजूद समाधान नहीं होने से फिर से कोर्ट का रुख करने की तैयारी है।- एआर त्रिपाठी, अध्यक्ष, अवंतिका एक्सटेंशन विकास समिति
थोड़ी बारिश में भर जाता है पानी, लोगों ने आना छोड़ा
आंतरिक सड़कों का बुरा हाल है। गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों के चलते थोड़ी सी बारिश में स्थिति भयावह हो जाती है। सड़कों पर पानी जमा होने से बच्चों ने बाहर खेलना और लोगों ने आना छोड़ दिया है।- सुषमा तिवारी, अवंतिका एक्सटेंशन निवासी