वैभव खंड स्थित एक कंपनी ने दुबई और कनाडा आदि देशों में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 50 लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। ठगी के शिकार पीड़ितों ने सोमवार को थाना इंदिरापुरम पहुंचकर मामले की शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना इंदिरापुरम पहुंचे युवाओं ने बताया कि वैभव खंड के आदित्य सेंटर स्थित एक कंपनी का विज्ञापन देखकर उन्होंने संपर्क किया था। कंपनी ने उन्हें कनाडा और दुबई में हेल्पर की नौकरी लगवाने के लिए 25 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने स्टेट बैंक के एक अकाउंट में 25-25 हजार रुपये जमा भी करा दिए।
एक सप्ताह पहले कंपनी ऑफिस पहुंचे तो ताला बंद मिला। कंपनी के दिए गए नंबरों पर कॉल किया लेकिन सभी नंबर बंद आ रहे थे, जिसके बाद सभी ने सोमवार को थाना इंदिरापुरम पहुंचकर मामले की शिकायत दी।
पीड़ितों ने बताया कि कंपनी ने उन सभी के पासपोर्ट भी जमा कर रखे हैं। ऐसे में वह कहीं और भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि शिकायत लेकर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।