विश्व रक्तदाता दिवस पर मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगे कैंप में रक्तदानियों का उत्साह देखने को मिला। मुरादनगर और एमएमजी स्थित ब्लड बैंक के शिविर में कुल 117 यूनिट ब्लड एकत्र हुआ।
इसमें पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने भी रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के अलावा जांच कैंप भी लगाया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की टीम के अलावा संतोष अस्पताल के चिकित्सक भी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के सहयोग से मुरादनगर विजय मंडी स्थित विजय धर्मशाला में लगे कैंप में 102 और एमएमजी ब्लड बैंक में लगे कैंप में 15 लोंगों ने रक्तदान किया।
महा रक्तदान शिविर मुरादनगर में मंगलवार को कैंप में एसडीएम मोदीनगर अतुल कुमार और सीओ सदर पवन कुमार समेत 102 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीएम फाइनेंस ज्ञानेंद्र सिंह और सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक गर्ग और नगर अध्यक्ष पंकज गर्ग ने फूलों का गुलदस्ता और शॉल ओढ़ाकर अतिथियों को सम्मानित किया। शिविर में पंद्रह चयनित रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर में पांच मरीजों की किडनी की भी जांच की गई। जबकि पांच महिला मधुलिका, शालिनी, खुशबु, संगीता आदि भी कैंप में रक्तदान करने पहुंचीं।
रक्तदान से कोई कमजोरी नहीं आती। लोगों को इससे घबराना नही चाहिए। हमें दूसरे की भलाई के लिए भी सोचना चाहिए। रक्तदान के कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें और जरूरत मंद लोगों को जीवन प्रदान करें। कोई भी स्वस्थ व्यक्ति जिसकी आयु 18-60 वर्ष के बीच हो वह रक्तदान कर सकता है।
अजेय अग्रवाल सीएमओ गाजियाबाद।
रक्तदान कई जिंदगियां बचाता है। रक्तदान जीवनदान है। हमें इसका जब अहसास होता है, जब कोई अपना खून के लिए जिंदगी और मौत के बीच जूझता है। मानवता की रक्षा के लिए हर किसी को रक्तदान करना चाहिए। - ज्ञानेंद्र सिंह एडीएम फाइनेंस गाजियाबाद।
यह अमर उजाला की अच्छी पहल है। रक्तदान से बड़ा दान नहीं है। एक यूनिट ब्लड से चार जिंदगियों को बचाया जा सकता है। इसलिए बिना डरे हर किसी को रक्तदान करना चाहिए। - पवन कुमार सीओ सदर।
दुर्घटना या बीमारी का हममें से कोई भी शिकार हो सकता है। सभी शिक्षित और सभ्य समाज के नागरिक है। हम रक्तदान के पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें और लोगों को जीवनदान दें। - अतुल कुमार एसडीएम मोदीनगर।
रक्तदान सबसे बड़ा दान है। हर वर्ष देश में जितने यूनिट ब्लड की जरूरत पड़ती है, उसका 5 प्रतिशत भी हम रक्तदान के माध्यम से पूरा नहीं कर पाते। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल अमर उजाला फाउंडेशन से प्रेरित होकर हर महीने एक ब्लड डोनेशन कैंप लगाएगा। - अभिषेक गर्ग प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल।
इनका रहा योगदान
उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश महामंत्री विकास अग्रवाल, चेयरमैन पति राधे कृष्ण अरोड़ा, नगर अध्यक्ष पंकज गर्ग, सुनील गर्ग गुडडू, अंबरीश गोयल, प्रमोद अग्रवाल, विकास यादव, संदीप मोदी, मधुर गर्ग, राकेश गोयल, अंकित गर्ग, अजय अग्रवाल, विनोद जिंदल, अजीत त्यागी प्रधान, संजय गुप्ता, मनोज गर्ग, संजय अग्रवाल, यशु अग्रवाल, अजय कंसल, बिटटू, सीएचसी प्रभारी डा. सूर्यांशु ओझा, संतोष अस्पताल से ईएनटी डॉ. सिद्धांत प्रिय अग्रवाल और डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. जयराम, संगीता चौहान, डॉ. आसिफ खान, डॉ.एके दुआ, अरुण तोमर, विनोद कुमार, योगेंद्र सिंह, मोनेंद्र सिंह, पल्लवी, मनीष, सचिन आदि है।
कोलंबिया एशिया अस्पताल में 35 यूनिट ब्लड हुआ एकत्र
विश्व रक्तदाता दिवस पर कोलंबिया एशिया अस्पताल में भी ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया। रोटरी क्लब के सहयोग से लगे इस कैंप में 35 यूनिट ब्लड एकत्र हुआ। इसके अलावा चिकित्सकों ने लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक भी किया और रक्तदान के फायदे के बारे में बताया। अस्पताल के जीएम गौरव खुराना ने बताया कि जो भी बीपी, शुगर आदि कंट्रोल रखना चाहते हैं उनको रक्तदान अवश्य करना चाहिए।