फरीदाबाद के बीपीटीपी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार छह युवकों ने दिनदहाड़े तिगांव राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य इकबाल सिंधू पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमलावरों में एक दिव्यांग भी शामिल था। हमलावर दो बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देकर चार हमलावर एक ही मोटरसाइकिल पर फरार हो गए जबकि दो पैदल भाग निकले।
हमलावरों की मौके पर छोड़ी गई गाड़ी को पुलिस ने बरामद कर जांच शुरू कर दी है। उधर, गंभीर रूप से घायल प्राचार्य को निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने उनके दोनों हाथ और पैर तोड़ डाले।
तिगांव महाविद्यालय के प्राचार्य सेक्टर-8 स्थित ऑफीसर्स कॉलोनी में रहते हैं। उनके महाविद्यालय में 5 से 7 सितंबर तक प्रदेश स्तरीय रेसलिंग प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारी चल रही थी।
ये भी पढ़ें- बरेली में पुलिस को फोन करने के बाद वकील ने खुद को गोली से उड़ाया
बुधवार सुबह वह करीब सवा 11 बजे अपने घर से महाविद्यालय की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बाईपास पर रामा डोर कट के समीप दो मोटरसाइकिल पर सवार छह बदमाशों ने प्राचार्य की कार को रोककर तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी।
हमलावरों ने कार से प्राचार्य को खींचकर बाहर निकाला और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में प्राचार्य के दोनों हाथ व दोनों पैर टूट गए। बीपीटीपी थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्राचार्य के परिजनों ने मामले में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
प्राचार्य आईसीयू में हैं, अभी उनका बयान दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस इस मामले में लूट की घटना से इनकार कर रही है। मामला रंजिशन मानकर इसकी पड़ताल की जा रही है।