अपराध शाखा ने प्रीत विहार में जिम मालिक महेंद्र अग्रवाल की हत्या की गुुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने जिम मलिक के पूर्व मैनेजर इंद्रवर्धन शर्मा व साथी रवि कुमार को इंडो-नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। पूर्व मैनेजर ने वेतन नहीं देने व पैसे के विवाद में अपने दो साथियों के साथ जिम मलिक की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी।
इंद्रवर्धन को राष्ट्रीय स्तर पर जूडो चैंपियनशिप में रजत पदक मिला था। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) रविंद्र यादव के अनुसार, जिम चलाने वाला महेंद्र अग्रवाल 31 दिसंबर, 2022 प्रीत विहार कार्यालय में बैठे थे। उनका पूर्व कर्मचारी इंद्रवर्धन शर्मा साथी रवि के साथ कार्यालय में पहुंचा और ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं।
जिम मालिक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिम मैनेजर की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अपराध शाखा में तैनात एसीपी उमेश बड़थ्वाल की देखरेख में इंस्पेक्टर विवेक मलिक की टीम को आरोपियों को पकड़ने में लगाया गया। विवेक को पता लगा कि इंद्रवर्धन पहले महेंंद्र के जिम में मैनेजर था।
वेतन व पैसे नहीं देने पर दोनों में झगड़ा हुआ था। महेंद्र ने इंद्रवर्धन के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रवर्धन साथी रवि के साथ नेपाल भागने की फिराक में है और इस समय रक्सौल में है। पुलिस टीम ने इंडो-नेपाल बॉर्डर पर घेराबंदी कर बेगामाबाद, मोदीनगर यूपी निवासी इंद्रवर्धन शर्मा (36) और शुकरातल जिला मुजफ्फरनगर निवासी रवि कुमार (30) को गिरफ्तार कर लिया।