महिला सशक्तीकरण को और मुखर करने के उद्देश्य से नोएडा में शनिवार से आयोजित दो दिवसीय ‘नारी 2019’ कार्यक्रम को पिंकिश संस्था ने पुलवामा के शहीदों की मां, विधवाओं, बहनों, बेटियों को समर्पित करना तय किया है। संस्था ने 150 मीटर लंबे कैनवास पर छपे पांच हजार हाथों पर शहीदों के परिजनों को अपना मैसेज देने और शहीदों को श्रद्धांजलि देने की व्यवस्था की है।
नोएडा के गार्डन गलैरिया मॉल परिसर में यह कार्यक्रम होगा। इसका नाम ‘नारी 2019 सेलिब्रेटिंग एक्सप्रेशंस ऑफ वुमेन’ रखा गया है। कार्यक्रम में देश के कोने-कोने से हजारों महिलाएं शिरकत करेंगी।
पिंकिश के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने बताया कि 150 मीटर लंबा और छह फीट ऊंचा कैनवास बनाया गया है। इस पर पांच हजार हाथ छपे हैं। पहले इन हाथों पर महिला सशक्तीकरण को लेकर मैसेज लिखा जाना तय हुआ था, लेकिन अब यह निर्णय लिया गया है कि महिलाएं पुलवामा हमले के शहीदों की मां, विधवाओं, बहनों, बेटियों के नाम मैसेज लिखेंगी।
ताकि उन्हें इन मैसेज से हिम्मत मिल सके। उनके नाम यह लिखा जाएगा कि पूरा समाज, देश उनके साथ है। वह खुद को अकेला न समझें। यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। पुलवामा हमले में घायल जवानों के महिला परिजनों के लिए भी मैसेज लिखा जाएगा।