लोनी रोड स्थित कोयल एंक्लेव के पास रविवार देर रात रोडरेज में बाइक सवार दो बदमाशों ने कार सवार प्रधान समेत तीन दोस्तों पर फायरिंग कर दी। गोली कार की अगली सीट पर बैठे दो युवकों को लगी। बाल-बाल बचे तीसरे साथी ने दोनों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक की मौत हो गई।
लोनी के चिरोड़ी गांव निवासी सुखपाल सिंह के मुताबिक रविवार शाम उनका भतीजा जितेंद्र (36) अपने दोस्त बागपत के भैड़ापुर ग्राम प्रधान ललित और बागपत के खेकड़ा निवासी ज्ञानेंद्र रिश्तेदार के यहां गुरुग्राम गए थे।
रात करीब 11 बजे वह कार से घर लौट रहे थे। ज्ञानेंद्र कार चला रहा था और जितेंद्र बगल वाली सीट पर जबकि ललित पीछे बैठा था। कोयल एंक्लेव के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर कार को रोक लिया।
बदमाश ज्ञानेंद्र को कार से बाहर निकाल कर गाड़ी सही तरीके से चलाने को कहने लगे। कहासुनी के दौरान बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने कार पर चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली ज्ञानेंद्र के कंधे के नीचे और जितेंद्र की छाती में लगी। सीओ साहिबाबाद डा. राकेश मिश्रा ने बताया कि दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।