नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के बख्तावरपुर गांव में शनिवार रात दम घुटने से मां-बेटा व देवर की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात में अंगीठी जलाकर सोने की वजह से यह हादसा हुआ। घटना के समय महिला का पति घर से बाहर था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक्सप्रेसवे थाना के एसएचओ पंकज पंत के मुताबिक मूलरूप से आगरा के गंगानगर निवासी पिंटू नोएडा में ऑटो चलाता है। वह बख्तावरपुर में पत्नी छवि (25), भाई रिंकू (18) व 17 दिन के बच्चे के साथ किराये पर रहता है।
पिंटू शनिवार रात ऑटो चलाने के लिए घर से निकल गया। सुबह घर आया। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। उसने जंगले से झांक कर अंदर देखा, तो उसे अपनी पत्नी और भाई सोते दिखे। जबकि उसका बच्चा जगा हुआ था। उसने वहां से काफी आवाज लगाई, लेकिन कोई भी हिला-डुला नहीं। तब तक आसपास काफी भीड़ जुट गई।