पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज स्थित जैन अस्पताल में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस के अलावा दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग से अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर(ओटी) जल गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस और दमकल विभाग अधिकारियों का कहना है कि दूसरी मंजिल पर बने ओटी के एसी में आग लगने की वजह से हादसा हुआ। अस्पताल के दूसरी मंजिल पर शिफ्टिंग काम चल रहा था। उसी समय हादसा हो गया।
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि पटपड़गंज स्थित पुष्पांजलि एंक्लेव में मौजूद जैन अस्पताल में शनिवार शाम करीब 4.45 बजे आग लग गई। जैन अस्पताल में आईवीएफ सेंटर चलाया जाता है। यहां दूसरी मंजिल पर आग लगी तो अफरा-तफरी मच गई। मंडावली दमकल केंद्र से तुरंत वहां गाड़ियां भेजी गई। कुछ ही देर बाद आग पर काबू पा लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अस्पताल को सामने वाली दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट करने का काम चल रहा था। शनिवार मो एसी में काम करने के दौरान अचानक आग लगी और दूसरी मंजिल पर फैल गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय बिल्डिंग में कर्मचारियों के अलावा कोई नहीं था। आग लगने पर वह भी सुरक्षित बिल्डिग से बाहर आ गए।