किसानों के आठ दिसंबर के भारत बंद से ठीक एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने पांच संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इनमें दो आतंकी पंजाब और तीन कश्मीर से हैं। पुलिस इन आतंकियों को किसान आंदोलन में हिंसा फैलाने की आशंका से जोड़ कर जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने सोमवार सुबह दावा किया कि पुलिस ने राजधानी के शकरपुर एरिया से पांच आतंकियों को छोटी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आतंकियों के पास से संदिग्ध हथियार और आपत्तिजनक सामग्री मिली है। आतंकियों के पास से एक लाख डॉलर पाए जाने का भी दावा किया जा रहा है। इस ग्रुप को आईएसआई का समर्थन हासिल होने की आशंका है। आतंकी संगठन के नाम का खुलासा होना बाकी है।
वहीं, किसान आंदोलन के बीच हिंसा होने की आशंका से केंद्र सरकार की चिंता बढ़ गई है क्योंकि आंदोलन के बीच किसी भी तरह की हिंसा होती है तो यह सुरक्षा में बड़ी खामी होगी जिसे सुनिश्चित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके पूर्व पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान भी किसान आंदोलन के बीच हिंसा होने की आशंका जताई थी।
उन्होंने आशंका व्यक्त की थी कि अगर आंदोलन के बीच किसी तरह की हिंसा होती है तो इससे देश में अस्थिरता बढ़ेगी। इसके पूर्व, कुछ अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ संगठनों के जरिए किसान आंदोलन में हिंसा भड़काने की साजिश रचे जाने की आशंका जताई थी।