फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad: हजार रुपये में कट्टा लाकर हवाबाजी कर रहे युवक, राजस्थान और UP गढ़, पुलिस ने हजारों कट्टे पकड़े

Sat, 22 Apr 2023 10:15 PM IST
Digvijay Singh अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद

सार

ज्यादातर बदमाश रौब जमाने, शौक के लिए, हवाबाजी करने के लिए सस्ते हथियार ले आते हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी पांच हजार तक का हथियार लाते हैं।
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दोस्तों में रौब जमाने, आसपास के लोगों में दहशत फैलाने या लोगों के सामने हवाबाजी करने के लिए नौजवान अवैध हथियार साथ में रखना पसंद कर रहे हैं। मात्र 1000 रुपये में ही अवैध हथियार मिल जाता है। पुलिस ने लगातार धरपकड़ कर पिछले साढे़ तीन माह में 100 से ज्यादा कट्टे पकड़े हैं। इसमें से ज्यादातर आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि हवाबाजी के लिए हथियार साथ रखते हैं।

विज्ञापन

जांच में एक और बात भी सामने आई है कि आरोपी यूपी के मथुरा, आगरा, एटा व पलवल के साथ लगते यूपी के कुछ इलाकों और राजस्थान के भरतपुर, कामा व अन्य इलाकों से अवैध हथियार लेकर आते हैं। कुछ को तो बस स्टैंड के पास ही सप्लाई मिल जाती है। बस या बाइक पर आसानी से आरोपी शहर में हथियार ले आते हैं। क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए हैं। जनवरी से अब तक क्राइम ब्रांच की टीमों ने 100 से ज्यादा देसी कट्टे व 30 से ज्यादा बटनदार चाकू बरामद किए हैं। ऐसे आरोपियों में ज्यादातर नौजवान आरोपी हैं और एक बार भी गोली नहीं चलाई है।


एक साल में दोगुना आरोपियों को पुलिस ने पहुंचाया जेल
आंकड़ों पर नजर डालें तो 2021 के मुकाबले 2022 में पुलिस ने दो गुना के करीब आरोपियों को जेल पहुंचाया है। साल 2021 में पुलिस ने 2499 अवैध हथियार के साथ तस्कर, लूट, स्नेचिंग आदि वारदातों में संलिप्त बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इसके मुकाबले साल 2022 में 4170 बदमाश अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार हुए थे। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा और डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने सभी क्राइम ब्रांच को निर्देश दिए हैं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में अवैध हथियार का सफाया करने पर ध्यान दिया जाए। क्राइम ब्रांच की टीम हथियार सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपियों को पकड़ने की जुगत में लगी है।

विज्ञापन

यहां से लाते हैं अवैध हथियार

जनवरी 2023 से अब तक पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अवैध हथियार यूपी के अलीगढ़, मथुरा, मेरठ, गोरखपुर, कोसी कलां से खरीदकर लाए हैं। यहां एक हजार से पांच हजार रुपये कीमत में हथियार मिलता है। राजस्थान के कामा, भरतपुर, अलवर से भी काफी संख्या में बदमाश हथियार खरीदकर लाते हैं। हरियाणा के पलवल, नूंह से भी अवैध हथियार शहर में पहुंचाए जा रहे हैं। 


ज्यादातर बदमाश रौब जमाने, शौक के लिए, हवाबाजी करने के लिए सस्ते हथियार ले आते हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी पांच हजार तक का हथियार लाते हैं। दूसरे राज्यों से हथियार लाने के लिए ज्यादातर बदमाश ट्रेन का इस्तेमाल नहीं करते। रेलवे स्टेशन पर जांच के डर से आरोपी अपने वाहन या बस में बैठकर चोरी-छिपे हथियार शहर में ले आते हैं। 


एसीपी क्राइम सुरेंद्र श्योराण का कहना है कि क्राइम ब्रांच की सभी टीमों को मुख्य नेटवर्क तोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। कोशिश है कि हथियार बेचने को वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। कुछ माह पहले क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर ने 12 हथियारों के साथ सप्लायरों को पकड़ा था। फिलहाल भी टीम अपराध करने से पहले ही आरोपियों के बारे में जानकारी निकाल कर हथियार के साथ दबोच रही है।

विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें