अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्रदेश सरकार की तरफ से जारी आदेशों के बाद नगर निगम ने क्षेत्र में मौजूद रैन बसेरों की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए काम शुरू कर दिया है।
निगम आयुक्त की तरफ से आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को रैन बसेरों में सभी मूलभूत सुविधाओं को ठीक करने के लिए कहा गया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में कुल 7 रैन बसेरे ऐसे हैं जिनकी व्यवस्था निगम की तरफ से की जानी है। इनमें जल घर सेक्टर 16, एनआईटी बस स्टैंड के पास मौजूद तिकोना पार्क, डबुआ सब्जी मंडी, नशा मुक्ति केंद्र सेक्टर 14, पोर्टा- केबिन सेल्टर ओल्ड फरीदाबाद चौक व पोर्टा-केबिन सेल्टर बल्लभगढ़ बस स्टैंड के पास। इन सभी रैन बसेरों में व्यवस्था का ध्यान रखने के लिए निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जारी आदेश में जेई या मंडल अभियंता नगर निगम को निरीक्षण कर यह देखना है कि रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, लाइट, पंखा, बिजली, पानी व शौचालय की व्यवस्था ठीक हो। अगर इसमें किसी प्रकार की कमी होती है तो निगम अधिकारी को इसे ठीक करवाना होगा। जरूरत पड़ने पर रैन बसेरों में मरम्मत का काम भी करवाया जा सकता है।