ग्रेटर फरीदाबाद स्थित ओमेक्स हाईट्स सोसाइटी में एक महिला का शव पुलिस को बरामद हुआ है। मृतका के पति ने ही पुलिस को महिला की मौत के बारे में सूचना दी। पति का कहना है कि पत्नी के साथ रात को शराब पी थी। सुबह जब वह सोकर उठा तो पत्नी का शव बरामदे में पड़ा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से कोलकाता निवासी रूद्रनिल (32) ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी दो साल पहले मधुरिमा (28) से हुई थी। पत्नी वेबपोर्टल डेवलपर का काम करती थी। वह ओमेक्स सोसाइटी में तीसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर 302 में रह रहे हैं। रविवार रात दोनों ने शराब पी और सो गए। सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह सोकर उठे तो पत्नी बेड पर नहीं थी। बाहर आकर देखा तो पत्नी का शव बरामदे में पड़ा हुआ था।
अंदेशा है कि रात में महिला शौच आदि के लिए उठी और पैर फिसलकर बरामदे में गिर गई। सिर में चोट के कारण उसकी मौत हो गई। मामले की जांच कर रहे एएसआई संजय कुमार ने बताया कि शव पर चोट के निशान नहीं हैं। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।