फरीदाबाद। सेक्टर-15ए स्थित सामुदायिक केंद्र में रविवार को कन्फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए की बैठक का आयोजन किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने बिजली निगम के अग्रिम जमा राशि (एसीडी) को कड़ा विरोध जताया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस नियम को रद्द करने की मांग की जाएगी।
फेडरेशन के अध्यक्ष नंद किशोर गर्ग ने कहा कि उपभोक्ताओं को उनके खाते में दो औसतन बिजली बिल के बराबर अग्रिम राशि रखना अनिवार्य कर दिया है। ऐसे में उन पर भारी भरकम रकम अदा करने आर्थिक बोझ डाल दिया गया है। कोरोना महामारी के चलते रोजी-रोटी की ही परेशानी से जूझ रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त वसूली का दबाव एक बड़ी परेशानी है। कन्फेडरेशन की मांग है कि बिजली की बढ़ी हुई अग्रिम जमा राशि केवल बकायादारों से ही वसूलनी चाहिए। मध्यमवर्गीय और नियमित रूप से अपना बिल जमा कराने वाले उपभोक्ताओं को अतिरिक्त भार से राहत मिलनी चाहिए। इस मौके पर एएस गुलाटी, सुबोध नागपाल, गजराज नागर, डीसी गर्ग, शिव सिंह मलिक, सत्यवीर दहिया, दीपक वर्मा आदि मौजूद रहे।