फरीदाबाद। संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। मौजूदा समय में सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 1.7 प्रतिशत तक हो गई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार नए मामलों की संख्या सौ का आंकड़ा पार कर रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग न केवल चिंतित है, बल्कि संक्रमितों की कॉन्टेक्ट ट्रैसिंग को लेकर एक बार फिर सचेत हो गया है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की सक्रियता फरवरी माह में 0.2 प्रतिशत रह गई थी। इससे पहले 17 दिसंबर तक सक्रिय मामलों पर चिंता जताई जा रही थी। जो करीब दो माह में काबू में आई। वहीं, अप्रैल माह में संक्रमण एक बार फिर अपने तेवर दिखा रहा है। शनिवार तक जिले में एक्टिव केसों की संख्या 779 हो गई। इसमें ने 151 मरीज अस्पताल में भर्ती थे। एक अप्रैल को 108, दो अप्रैल को 146 और तीन अप्रैल को 138 नए मरीज मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की थी।
केंद्र ने दिया मामले बढ़ने के संकेत
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि त्योहार के समय लोग लापरवाह होते हैं। ऐसे में कोविड के बढ़ते मामले सामने आते हैं। दिवाली, होली दोनों ही त्योहार स्वास्थ्य विभाग पर भारी पड़े हैं। अब अप्रैल में संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में सजग रहते हुए विभाग ने संक्रमितों की कांटेक्ट ट्रैसिंग बढ़ाई है। इससे संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। ऐसा कर हम मरीजों को जल्द चिन्हित कर सकते हैं और इससे संक्रमण की रफ्तार को रोकने में मदद मिलेगी।
151 नए संक्रमित मिले
स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 151 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की। पिछले साल 17 दिसंबर को एक दिन में इससे अधिक कोरोना संक्रमित मिले थे। बीते 24 घंटों में 95 मरीज स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को सेक्टर-30, एनआईटी 5, चार्मवुड विलेज, बाढ मोहल्ला, सेक्टर-29, 33, 37, 34, एनआईटी 2, सैनिक कॉलोनी, जीवन नगर, सेक्टर-49, सेक्टर-22, एसजीएम नगर, ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-30, 31, राजीव कॉलोनी, सेक्टर-88, 86, 16, 19, 17, 75, 84, 82, 21, 46, 9, 15 व सेक्टर-14 से नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में कुल संख्या 48,284 हो गई है। इसमें से 47,025 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अभी तक जिले में 424 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है।
फेल हो रहे सातों दिन टीकाकरण के दावे
जिले में कोरोना से बचाव टीकाकरण अभियान जिले में रविवार को भी जारी रहा। हालांकि जिले के 78 केंद्रों में से कई पर टीकाकरण प्रक्रिया ठप रही। ऐसे में लोगों को अन्य टीकाकरण केंद्रों पर जाकर टीका लगवाना पड़ा। रविवार को 7220 लोगों को टीका लगवाया गया। एक मार्च से 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोगों को टीका लगने की शुरुआत के साथ ही सभी केंद्रों पर सप्ताह के सातों दिन पूरे माह टीकाकरण के निर्देश केंद्र व राज्य सरकार ने दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में चिन्हित 78 केंद्रों में से कुछ पर ही रविवार को टीकाकरण सक्रिय रहा। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग में 5730 लोगों ने टीके की पहली डोज ली। वहीं 16 ने दूसरी डोज ली। साथ ही 1400 बुजुर्गों ने पहला और 69 ने दूसरा टीका लगवाया। वहीं, पांच फ्रंटलाइन वर्कर ने दूसरी डोज लगवाई।
वर्जन-
जिले में सक्रिय मामले 835 हैं। इसमें से 154 अस्पताल में भर्ती हैं। शेष 681 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। अस्पताल में भर्ती 23 मरीज ऑक्सिजन सपोर्ट पर हैं, शेष तीन मरीज वेंटिलेटर पर हैं। रविवार को 1723 नए सैंपल लिए गए हैं। अभी 1872 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। अभी तक 5 लाख 82 हजार 112 सैंपल लिए जा चुके हैं। - डॉ. रामभगत, कोविड नोडल अधिकारी
--