फरीदाबाद। अरावली वन क्षेत्र में पार्किंग के विरोध में बुधवार को गांव पाली के लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम पंकज सेतिया, एसीपी बड़खल सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी डबुआ महेंद्र पाठक, पाली चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश एवं आरटीओ जितेंद्र सिंह गहलोत से मिलकर अपनी समस्याएं बताईं।
धर्मबीर भड़ाना ने कहा कि पाली गांव की 6000 बीघा जमीन खेती के लिए है, जबकि 1800 बीघा जमीन पहाड़ में है। जिसे लेकर नगर निगम से हाईकोर्ट में केस विचाराधीन है। वहीं अनखीर, अनंगपुर व मेवला गांव को मुआवजा दिया जा चुका है। पाली एवं मोहब्बताबाद गांव को अभी तक कोई मुआवजा नहीं मिला है। बावजूद इसके एक पूर्व अधिकारी मिलीभगत कर एक लाख की पर्ची कटवाकर वन भूमि की जमीन में कब्जा कर पार्किंग बनाना चाहते हैं।
एनजीटी, नगर निगम के अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को पता होने के बावजूद अवैध पार्किंग बनाने के लिए पर्ची काट दी जाती है, जोकि अन्याय है। इस मौके पर रघुबर, प्रकाश, संजय प्रधान, विक्रम भड़ाना, श्यामबीर भड़ाना, विनोद भड़ाना, अशोक भड़ाना, कविराज भड़ाना आदि मौजूद रहे।
वर्जन-
गांव पाली के लोगों ने पाली चौकी के पास बनाई जा रही पार्किंग को लेकर शिकायत की है। जिसे रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आरटीए की पार्किंग के लिए अलॉट किया गया है। मौका मुआयना करने के बाद ही वास्तविक स्थिति और जमीन के बारे में जानकारी प्राप्त होगी। उसके अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - पंकज सेतिया, एसडीएम