संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना तिगांव क्षेत्र के गांव मंझावली में रविवार देर रात एक युवक को चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ कर पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियाे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गांव की गलियों में 19 वर्षीय युवक घूमता हुआ दिखाई दिया।
गांव मंझावली के रहने वाले लोगों ने बताया कि जब युवक से नाम और पता पूछा तो वह घबरा गया। इस पर लोगों को शक हुआ की वह चोर है। लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसके बाद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक को लेकर थाने चली गई।
थाना प्रभारी राजबीर ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम गन्नू उर्फ गट्टू बताया। वह मूल रूप से अलीगढ़ के चिकबा मोहल्ले का रहने वाला है। अभी वह गांव मंझावली में अपने परिवार के साथ रहता है। पुलिस ने जांच में पाया कि युवक चोरी करने नहीं बल्कि शराब के नशे में गांव की सड़क पर घूम रहा था। पुलिस ने युवक को रातभर थाने में रखा और सोमवार सुबह उसके परिजनों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया।