फरीदाबाद। मुजेसर गांव के लोगों ने पेयजल किल्लत से परेशान होकर बुधवार सुबह करीब 10 बजे मुजेसर फाटक सहित अन्य मार्गों पर जाम लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसकी सूचना मिलते ही निवर्तमान पार्षद प्रतिनिधि और मुजेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया। लोगों का कहना था कि इस संबंध में कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
मुजेसर में करीब 15 दिनों से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से परेशान लोगों का बुधवार को निगम और पार्षद के खिलाफ गुस्सा फूट गया। लांबा, कोली, सराय और गड़ी मोहल्ला सहित अन्य क्षेत्रों के लगभग 200 लोगों ने मुजेसर फाटक और अन्य रास्तों पर जाम लगा दिया। लोगों ने मुजेसर गांव में प्रवेश के चारों रास्तों को बंद कर दिया था। इस दौरान भारी संख्या में महिलाओं ने भी पानी की समस्या को लेकर विरोध जताया। इस दौरान मौके पर पुलिस और निवर्तमान पार्षद प्रतिनिधि पहुंचे। पार्षद प्रतिनिधि जगत सिंह के अनुसार, एफएमडीए द्वारा मुजेसर में पेयजल की आपूर्ति होती है। एसडीओ को समस्या से अवगत कराया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। वहीं, सुबह दस बजे सड़क जाम के कारण नौकरी पेशा वाले लोगों को खासी परेशानी हुई। राहुल ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में काम करता हैं और मुजेसर रेलवे फाटक से जाता है। जाम के कारण बुधवार को यू टर्न लेकर उन्हें दूसरे रास्ते से जाना पड़ेगा।
बातचीत-
मुजेसर में पानी की समस्या लगभग 15 दिनों से है। नगर निगम अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे थे। मजबूरी में सड़क पर जाम लगाना पड़ा।
- संतोष, स्थानीय निवासी, मुजेसर
बगैर पानी तो जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। इससे अछूते हैं। प्रदर्शन के बाद भी पानी की आपूर्ति नहीं हुई तो बड़ा प्रदर्शन करेंगे। - नरेंद्र, स्थानीय निवासी, मुजेसर
बर्तन बजाकर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी खंड ए और बी में लगभग दो महीने से पेयजल आपूर्ति नहीं होने से परेशान लोगों ने नगर निगम मुख्यालय में बर्तन बजाकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर निगम और निगमायुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। निगमायुक्त के नहीं होने पर कार्यकारी अभियंता ओपी कर्दम को निगमायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। लोगों ने बताया कि तीन परिवार मिलकर 700 रुपये में एक टैंकर खरीदते हैं, जिससे सिर्फ एक दिन का काम चलता है। कभी-कभी बदबूदार पानी मिलता है। उसी पानी से काम चलाते हैं। समस्या के संबंध में नगर निगम और निवर्तमान पार्षद से कई बार शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं होने से परेशान होकर प्रदर्शन किया। इससे पहले दो बार लोग निगम में शिकायत दे चुके हैं। लोगों के अनुसार, पेयजल किल्लत की शिकायत सीएम विंडो पर भी की गई है। कार्यकारी अभियंता ने कहा कि पानी की समस्या का स्थायी हल निकाला जा रहा है।