- अफ्रीकी मूल के विदेशियों ने दिल्ली निवासी व्यक्ति से किराये पर लिया था मकान, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के पॉश इलाकों में शामिल सेक्टर-46 स्थित एक मकान में अफ्रीकी मूल के निवासी अवैध रूप से ड्रग्स बनाने की फैक्टरी चला रहे थे। आरोपी यहां पर बड़ी मात्रा में नशा तैयार कर रहे थे, इसी बीच लैब में धमाका हो गया और उनका भेद खुल गया। करीब 15 दिन पहले विदेशी नागरिकों ने दिल्ली निवासी एक व्यक्ति से मकान किराये पर लिया था। धमाके की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मकान मालिक समेत फरार विदेशी नागरिकों की तलाश की जा रही है।
मूल रूप से अफ्रीका के आइवरी कोस्ट स्थित आबिदजान शहर निवासी कौआमे कॉफी नाम के व्यक्ति ने 25 हजार रुपये महीने पर मकान किराये पर लिया था। मकान दिल्ली के दक्षिणपुरी निवासी कन्हैया लाल का है। कौआमे कॉफी मकान में दोस्तों के साथ रह रहा था। मकान मालिक ने विदेशी नागरिक को मकान देने बाद पुलिस को जानकारी नहीं दी थी। सेक्टर-46 पुलिस चौकी प्रभारी धर्मपाल ने अपनी शिकायत में कहा बृहस्पतिवार शाम सेक्टर-45 स्थित वेल्डिंग चौक पर गश्त करने के दौरान उन्हें सेक्टर-46 स्थित एक मकान में धमाके की सूचना मिली। वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में एक लैब बनी हुई थी। यहां किसी कैमिकल के गलत रिएक्शन के कारण धमाका हुआ था। धमाके के कारण प्लास्टिक जार फट गया और केमिकल कमरे के फर्श पर फैल गया। तेज गंध के कारण पड़ोस में रहने वाले लोगों को परेशानी भी हो रही थी। कमरे में लगी खिड़की के शीशे टूट गए थे। कमरे के भीतर गर्म करने वाली मशीन पर दो बोतलनुमा जार रखे थे। इनसे दो मोटी काले रंग की प्लास्टिक के पाइप पंखे के ऊपर से लकड़ी के स्टैंड से होते हुए दो अलग-अलग जार में जा रही थी। पुलिस ने मौके से प्लास्टिक की बाल्टी, बोतल, केमिकल, पॉलिथीन में रखा सफेद रंग का पाउडर बरामद किया है। मकान की हालत देखकर लगता है यहां नशीला पदार्थ तैयार कर आगे सप्लाई किया जाता था।
वर्जन
धमाके की सूचना पर सेक्टर 46 चौकी प्रभारी मौके पर गए थे। मकान से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बनाने का सामान बरामद हुआ है। सभी तरल व पाउडर के नमूने लेकर भोंडसी स्थित लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
- शमशेर सिंह, थाना प्रभारी सूरजकुंड