Twenty lakhs demanded for settlement in rape case, girl arrested
बल्लभगढ़। तिगांव थाना इलाके में एक युवती ने सेना के जवान के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराकर उसे जेल भिजवा दिया। जवान के जमानत पर बाहर आने के बाद युवती के साथियों ने उससे संपर्क किया और मामले को रफा दफा करने की एवज में बीस लाख की मांग की। जवान ने इसकी सूचना पुलिस को दी और युवती को पकड़वाया। पुलिस ने आरोपी युवती को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
थाना तिगांव इलाका निवासी युवक साल 2017 में सेना में भर्ती हुआ था। उसकी पोस्टिंग आसाम में है। 2019 में टिंडर एप के माध्यम से दिल्ली की निवासी एक युवती से उसकी दोस्ती हो गई। जनवरी 2020 युवती ने उसको अश्लील फोटो भेज कर शादी का दबाव बनाया। जुलाई 2020 में वह छुट्टियों पर आया था। युवती ने उससे कहा कि यदि वह नहीं मिला तो जान दे देगी। युवक 30 अगस्त 2020 को युवती को सेक्टर-77 स्थित फ्लैट में ले गया। आरोप है कि युवती ने चाकू निकाल लिया और आत्महत्या करने की बात कहने लगी।
इस दौरान उसने युवक को शराब पिलाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद एक सितंबर 2020 को दिल्ली के मालवीय नगर थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा दिया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। 30 मई 2021 को पीड़ित को जमानत मिल गई। इस दौरान युवती की तरफ से दो युवकों ने मामला रफा दफा करने की एवज में 20 लाख रुपये की मांग की। जवान के माता-पिता ने युवती को सितंबर माह में 3 लाख रुपये नकद और 2 लाख बैंक खाते में ट्रांसफर किए। बुधवार को तिगांव थाना पुलिस ने जाल बिछाकर महिला को पकड़ लिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई प्रेमदत्त ने बताया आरोपी युवती को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। युवती के साथियों की तलाश की जा रही है।