200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट मशीनों के उपयोग पर रोक रहेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद जिले में आज 63 केंद्रों पर यूपीएससी की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके चलते केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक अनावश्यक भीड़ और फोटोस्टेट मशीनों के उपयोग पर रोक रहेगी।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी 63 परीक्षा केंद्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा आदेश जारी किए हैं।
परीक्षा केंद्रों में नहीं ले जा सकेंगे ये चीजें
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल घड़ियां, बैग आदि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। केवल ई-प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, पेन, पेंसिल, पारदर्शी पानी की बोतल और ई-प्रवेश पत्र में अनुमत वस्तुएं ही केंद्र में ले जानी की अनुमति होगी।परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। देरी से आने वाले अभ्यर्थियों को अंदर नहीं आने दिया जाएगा। परीक्षा में अनुशासन और गोपनीयता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
फरीदाबाद में ये बनाए गए हैं केंद्र
जिले में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, डीएवी कॉलेज, होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेंट एंथोनी स्कूल, केएल मेहता स्कूल, मानव रचना स्कूल, अग्रवाल कॉलेज, टैगोर अकादमी, अशोक मेमोरियल स्कूल, शिव नादर स्कूल, शांति निकेतन स्कूल समेत अन्य प्रमुख संस्थान परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।