जेसी बोस में हिन्दी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में हिंदी दिवस पर विशेष चर्चा सत्र में योग और ध्यान पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यवक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार दिनेश पाठक व पूनम गुलिया मौजूद रहीं। योग और ध्यान प्रशिक्षक पूनम गुलिया ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक और मानसिक स्तर पर कार्य करना होगा। यह दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। अगर स्वास्थ्य गड़बड़ हुआ तो इसका दुष्प्रभाव दूसरे पर साफ दिखाई देता है।
वर्तमान समय में सकारात्मक मानसिक स्वास्थ्य तब और भी आवश्यक होता है, जब हमें कठिन निर्णय लेने पड़ते हैं। तनावपूर्ण स्थितियों से निपटना पड़ता है और अपने आसपास के वातावरण में स्वयं को ढालना होता है। इसलिए जरूरी है कि सकारात्मक सोचें, शारीरिक रूप से सक्रिय रहें, पर्याप्त नींद लें व योग करें। वरिष्ठ पत्रकार दिनेश पाठक ने कहा कि हिंदी और भारतीय संस्कृति का एक अटूट संबंध है। यदि हम इस संबंध को और सशक्त करना चाहते हैं तो हमें मातृभाषा की महत्ता समझनी ही होगी।