फरीदाबाद। जिले में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने तीन नए मामलों की पुष्टि की है। इसमें एक मरीज बांग्लादेशी है जिसका ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एशियन अस्पताल में इलाज चल रहा है। जांच में कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ओमिक्रॉन वैरिएंट की आशंका को लेकर सतर्क हो गया है। मरीज के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लैब भेजे जाएंगे। वहीं, शनिवार को 12 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। अब फरीदाबाद में कोरोना के केवल 31 सक्रिय मामले रह गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को संजय एन्क्लेव व सेक्टर 18 से नए कोरोना संक्रमित मिले। अभी तक जिले में कुल 100020 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें से 99272 मरीज ठीक हो गए हैं। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि अब 31 सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें से कोई भी मरीज अस्पताल में दाखिल नहीं है, सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को 2971 नए सैंपल लिए गए हैं। अभी 2172 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
किडनी ट्रांसप्लांट के लिए आया बांग्लादेशी
औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में काफी संख्या में विदेश से लोग इलाज के लिए आते हैं। शुक्रवार को बांग्लादेश से इलाज के लिए आया एक मरीज कोरोना संक्रमित पाया गया। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि बंगलादेश से एक मरीज किडनी ट्रांसप्लांट के लिए फरीदाबाद आया है। वह ग्रेटर फरीदाबाद के एशियन अस्पताल में भर्ती है। इलाज से पहले जब उसकी कोरोना जांच की गई, तो वह पॉजिटिव मिला। ऐसे में अस्पताल में उसका कोरोना का इलाज शुरू किया गया है। उसके सैंपल को जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है जिससे पता चल सके कि वह कोरोना के किस वैरिएंट से संक्रमित है। उसके संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान कर उनकी भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम में विभाग का सहयोग करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और मास्क जरूर पहनें।
हाई रिस्क देशों से लौटे 57 लोग की निगरानी बढ़ाई
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को विदेश से 161 लोग वापस फरीदाबाद लौटे हैं। इनमें 57 लोग ऐसे हैं जो हाई रिस्क देश दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, बिट्रेन, यूरोप, बांग्लादेश की यात्रा कर के आए हैं इसलिए इनकी निगरानी बढ़ा दी गई है। आठ दिन बाद इनके फिर कोविड-19 के सैंपल लिए जाएंगे।