फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में में तिगांव रोड पर कोल्ड ड्रिंक व्यापारी के साथ 26 जुलाई को हुई लूट के मामले में क्राइम ब्रांच ने बृहस्पतिवार रात को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ओल्ड फरीदाबाद निवासी रिंकू, हर्ष व शुभम के रूप में हुई है। दो अन्य आरोपियों राहुल और रोहित की तलाश की जा रही है।
पीड़ित व्यापारी राजेंद्र ने पुलिस को बताया था कि 26 जुलाई की रात नौ बजे दुकान पर था। इसी दौरान पांच आरोपी दो मोटरसाइकिल पर आए और तमंचा दिखाकर पैसे की मांग की। व्यापारी ने उन्हें पैसे नहीं दिए तो आरोपियों ने उसके सिर पर तमंचा मार दिया और 35 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव प्रभारी जगमिंदर सिंह की टीम ने आरोपियों को सेक्टर-70 स्थित ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स के पास से एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ चोरी, लड़ाई तथा अवैध हथियार रखने के तीन मामले पहले भी दर्ज हैं। इससे पहले आरोपियों ने 10 जुलाई को आजाद नगर निवासी मेहरचंद के घर पर हमला किया था। परिजनों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। जिसके बाद आरोपी वापस लौट गए थे। रास्ते में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसे भी घायल कर दिया था।