फरीदाबाद। आभूषण खरीदने के बहाने ठगी करने वाले दो ठगों को क्राइम ब्रांच एनआईटी ने गिरफ्तार किया है। थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। अदालत में पेश कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
डीसीपी अपराध नरेंद्र कादियान ने बताया कि क्राइम ब्रांच एनआईटी प्रभारी सब इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार को सूचना मिली दो ठग वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पहुंची टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गए आरोपी शिवा और कन्हैया गुजरात के अहमदाबाद के गांव कुबेरनगर के रहने वाले हैं। वह दिल्ली के उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में रह रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी अकेली महिला और वृद्ध महिलाओं से सोने के आभूषण खरीदने के बहाने ठगी करने की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
आरोपियों के पास से 10 हजार रुपये, तमंचा और चाकू बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ठगी की एक घटना को थाना शहर बल्लभगढ़ में अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक दिल्ली में अपना रहने का ठिकाना 15-20 दिन में बदलते रहते थे। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अन्य मुकदमों में गहनता से पूछताछ के लिए आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जाएगी।