Third death due to corona in five days, 1435 new cases found in last 24 hours, 471 healthy
फरीदाबाद। कोरोना के नए मामलों के साथ अब संक्रमितों की मौत के आंकड़े में लगातार वृद्धि हो रही है। सोमवार को 43 वर्षीय मरीज की मौत हो गई। वह संक्रमण के साथ गुर्दे की बीमारी से पीड़ित था। वहीं, बीते पांच दिनों में स्वास्थ्य विभाग तीन लोगों की मौत की पुष्टि कर चुका है। सोमवार को संक्रमण ग्रस्त 1435 नए मामलों की पहचान की गई। इस दौरान 471 मरीज स्वस्थ भी हुए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 13 जनवरी को 59 वर्षीय महिला और 16 जनवरी को 66 वर्षीय संक्रमित ने दम तोड़ा था। बीते वर्ष 17 जून के बाद 25 नवंबर को एक कोरोना संक्रमित की मौत हुई थी। इसके साथ ही संक्रमितों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 720 हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक तीनों लोग दीर्घकालीन बीमारियों से पीड़ित थे।
9.5 फीसदी सक्रिय मामले, 204 भर्ती
जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 113062 हो गई है। इसमें से 101514 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि सोमवार को जिले में कोरोना जांच पर संक्रमित मिलने वालों की दर 30 फीसदी पहुंच गई। सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 9.5 फीसदी हो गई। कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में 10828 सक्रिय मामले मिल रहे हैं। इनमें से 204 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। इसके अलावा 10624 मरीज होम आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं। जबकि अस्पताल में भर्ती 204 मामलों में से 35 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 28 आईसीयू में उपचाराधीन हैं। इनमें से नौ वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को 4769 नए सैंपल लिए गए हैं। अभी 3491 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।
आठ माह बाद 90 प्रतिशत हुई रिकवरी दर
जिले में कोरोना की रिकवरी दर आठ माह बाद घट कर 90 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मौजूदा रिकवरी दर 90.52 प्रतिशत है। नए मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या बेहद कम है। ऐसे में रिकवरी दर लगातार प्रभावित हो रही है। लगभग आठ माह पहले 15 मई 2021 को जिले में कोरोना की रिवकरी दर 90 प्रतिशत थी। इसके बाद से लगातार रिकवरी दर में सुधार देखा गया । वहीं, नए मामलों की संख्या में तेजी से इजाफा होने के बाद जिले में 16 दिन में ही रिकवरी दर में नौ प्रतिशत गिरावट आई है।