फरीदाबाद। साई कॉलोनी में एक युवक को परिजनों ने प्रेम-विवाह करने से मना कर दिया। इससे नाराज युवक ने सोमवार सुबह पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राज (23) के रूप में हुई है। तीन मई को शादी होने वाली थी। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार राज डबुआ कॉलोनी में एक युवती से प्रेम करता था। इस बाबत उसकी प्रेमिका से सगाई भी हो चुकी थी। तीन मई को शादी होनी थी। दोनों परिवार में इसकी तैयारी चल रही थी। हालांकि इस शादी से उसके परिजन खुश नहीं थे, ऐसे में तनाव में रहता था। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह जब वह आठ बजे तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो उसके कमरे में पहुंचे। वह पंखे में लगे फंदे से झूलता मिला। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। खेड़ी थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोस्तों ने बताया कि राज हंसमुख था।