संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने मिथलेश बेकरी गांव बाजड़ी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 600 लीटर लाल चटनी (सॉस) व 60 लीटर हरी चटनी बनाई हुई रखी मिली। डॉ. पुनीत शर्मा खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने इसके सैंपल लिए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मिथलेश बेकरी, औद्योगिक क्षेत्र गांव बाजड़ी इलाका थाना डबुआ में मिलावटी लाल व हरी चटनी (सॉस) का उत्पादन किया जाता है। इसे स्थानीय बाजार में उपयोग के लिए बेचा जा रहा है।
सूचना पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जहां भारी मात्रा में लाल चटनी व हरी चटनी (सॉस) बनाई हुई रखी मिली। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से बेकरी संचालक से सॉस बनाने का तरीका जानना चाहा, लेकिन संचालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से दोनों प्रकार की सॉस के दो अलग-अलग सैंपल लिए गए। इन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। सैंपल की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।