संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी चार और पांच के पास सड़क पर कूड़े का ढेर लगा हुआ है। इसके चलते राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है। वहीं व्यापारियों की दुकानदारी भी ठप हो रही है। कूड़े के कारण निकलने वाले लोगों को गंदगी और बदबू का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी अरुण ने बताया कि कूड़े के ढेर में लावारिस पशु मुंह मारते रहते हैं, जिसकी वजह से कूड़ा सड़क पर फैल रहा है। कूड़े से निकलने वाली बदबू और गंदगी के कारण जीना मुश्किल हो रहा है। गंदगी की वजह से बच्चों और बुजुर्गों को अनेक प्रकार की बीमारियां होने का भी खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी खेमचंद का कहना है कि यह कूड़े का ढेर काफी समय से लगा हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है, जिसके कारण सड़क पर जाम भी लग जाता है और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।