संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी अस्पताल की कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। मरीज का आरोप है कि डॉक्टरों की गलती की वजह पैर काटने की नौबत आ गई है। मरीज ने आरोप लगाया है कि अस्पताल की बार-बार की गलतियों और लापरवाही के कारण उसकी स्थिति बिगड़ी और अब डॉक्टरों ने उसका पैर काटने की बात कही है।
गांव पलवली निवासी मरीज त्रिलोक चंद ने बताया कि पैर की नस दबने के बाद उसे परेशानी हो रही थी। इलाज के लिए वह पहले ईएसआईसी अस्पताल आया था। वहां से उसे अकॉर्ड अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन, उन्हें वापस ईएसआईसी भेज दिया गया।
इसके बाद, ईएसआईसी ने उसे एसएसबी अस्पताल रेफर कर दिया। मरीज का दावा है कि एसएसबी अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे टीबी और कई अन्य बीमारियां बताईं। इसके बाद उसे फिर से ईएसआईसी भेज दिया गया। लगातार रेफर किए जाने और सही इलाज न मिलने के कारण मरीज की हालत बिगड़ती चली गई।
अब, ईएसआईसी के डॉक्टरों ने उसे बताया है कि संक्रमण इतना फैल चुका है कि उसका पैर काटना पड़ेगा। मरीज ने इस पूरे मामले के लिए ईएसआईसी अस्पताल की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और उचित कार्रवाई की मांग की है।
वर्जन
इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो इस बारे में जांच की जाएगी। इसके बाद ही कुछ कह पाएंगे। डीन डॉ. एके पांडेय, ईएसआईसी अस्पताल