फरीदाबाद। जिले को पहले स्मार्ट राजकीय विद्यालय की सौगात मिली है। 4.65 करोड़ की लागत से अनंगपुर में बने इस बहुमंजिला विद्यालय में आसपास व दूरदराज रहने वाले बच्चे आधुनिक शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। रविवार को विद्यालय के नवनिर्मित भवन का केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने उद्घाटन किया। बेहतर सुविधा नहीं मिलने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूर दराज क्षेत्रों में जाना पड़ता है। कई बार सुविधा के अभाव में उन्हें अच्छी शिक्षा नहीं मिल पाती। नई शिक्षा नीति के तहत केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा गांव-गांव में आधुनिक स्मार्ट स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है।
इसी योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निर्माण करवाया गया। रविवार को विद्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि विद्यालय बनने से आसपास के क्षेत्रों में रह रहे बच्चों के लिए शिक्षा के नए आयाम स्थापित होंगे। विधायक सीमा त्रिखा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के भवन बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय लोगों की पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान करते हुए 20 लाख रुपये के दो ट्यूबवेल की सुविधा प्रदान की। कार्यक्रम में हरी निवास, अजीत पाल सरपंच, पूर्व मेयर देवेंद्र, डीएईओ मनीष चौधरी, डीईओ रीतू चौधरी सहित अनेकों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक फर्स्ट एड रूम, किचन, एक डाइनिंग रूम, दो स्टोर, सात लैब, एक लाइब्रेरी, 18 क्लास रूम, 12 ब्वायज टॉयलेट, 12 गर्ल्स टॉयलेट, आठ स्टाफ टॉयलेट, चार सीडब्लूएसएन, एक प्राचार्य कक्ष, एक हेड ऑफिस, एक स्टाफ रूम बनाया गया है। भवन में सुरक्षा के मद्देनजर 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पेयजल के लिए चार वाटर कूलर, चार वाटर फिल्टर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पांच एयर कंडीशनर, एक एलईडी टीवी, 270 ट्यूबलाइट, 167 पंखे, एक हजार लीटर का एक वाटर टैंक समेत अन्य सुविधाएं दी गई हैं।