दुकानें फ्री-होल्ड कराने की मांग को लेकर निगमायुक्त से मिले व्यापारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मुख्य नगर योजनाकार की अध्यक्षता में बनाई कमेटी वर्षों पहले लीज पर दी गई दुकानों को फ्री होल्ड करने की व्यापार एसोसिएशन की मांग की जांच करेगी। सोमवार को फरीदाबाद के व्यापारी संगठित होकर एनआईटी-5 स्थित निगम मुख्यालय में निगमायुक्त ए मोना श्रीनिवास से मिले और 850 दुकानदारों की समस्या उनके सामने रखी। व्यापार मंडल का कहना है कि देश के बंटवारे के बाद फरीदाबाद में आकर बसे करीब 1750 लोगों को सरकार ने दुकानें लीज पर दी थीं। वर्षों से लीज पर चल रहीं दुकानों को फ्री होल्ड करने की मांग को पिछली सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरी झंडी दी थी। इसमें सर्किल रेट के हिसाब से 50 प्रतिशत रुपये जमाकर दुकानों को फ्री होल्ड कराया जा सकता था।
लगभग 900 दुकानदारों को इसका लाभ मिल गया। उनका कहना है कि करीब 850 दुकानदार इससे महरूम रह गए। व्यापारियों का कहना है कि निगम ने नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाकर इन्हें फ्री होल्ड नहीं किया है। ए मोना श्रीनिवास ने उनकी मांग पर मुख्य नगर योजनाकार की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई। इसमें व्यापार एसोसिएशन के सदस्य भी होंगे। यह कमेटी इस मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी। इसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-
निगमायुक्त ने एक जांच कमेटी गठित कर हमें समस्या के निदान का आश्वासन दिया है। आशा है कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान होगा। - राम जुनेजा, अध्यक्ष व्यापार संगठन
-
वर्षों पहले 17 सौ से अधिक दुकानों को लीज पर दिया गया था। इसमें से 900 दुकानें फ्री होल्ड हो गई हैं। निगमायुक्त से मिलकर 850 दुकानों को फ्री होल्ड करने की मांग रखी है।- विनोद आहूजा, अध्यक्ष व्यापार संगठन
-
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उनका निदान किया था। आधे दुकानदारों को उनका हक नहीं मिला है।- सतनाम सिंह मंगल, अध्यक्ष व्यापार संगठन
-
लंबे समय से चली आ रही व्यापारियों की समस्याओं का निदान होना चाहिए। हमें विश्वास है कि बनाई गई कमेटी जांच कर दुकानें फ्री होल्ड कराएगी। - नरेश चावला अध्यक्ष प्रॉपर्टी संगठन