फरीदाबाद। कभी सीही गांव की गलियों में क्रिकेट खेलने वाले राहुल तेवतिया ने नामी दिग्गजों को भी पछाड़ दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शनिवार को हुई नीलामी में राहुल को गुजरात टाइटन्स ने नौ करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि वह पिछले दो साल से राजस्थान की ओर से खेल रहे थे। गांव से निकले इस खिलाड़ी की ब्रांड कीमत पांच साल में करीब साढे़ आठ करोड़ रुपये बढ़ गई। वहीं, जिले के गेंदबाज मोहित शर्मा को शनिवार देर शाम तक किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा। रविवार को लगने वाली बोली में मोहित का नाम शामिल होने की उम्मीद है।
सीही गांव निवासी क्रिकेटर राहुल के पिता कृष्णपाल तेवतिया पेशे से वकील हैं। हाल ही में वह बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी चुने गए हैं। उन्होंने बेटे की सफलता को लेकर कहा कि राहुल को चार साल की उम्र से ही क्रिकेट खेलने का जुनून था। इसके चलते उसने गलियों में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया। कई बार गेंद से खिड़की और कारों के शीशे टूटने की वजह से लोगों ने इसका विरोध भी किया था, लेकिन उसने अपने खेल को नहीं छोड़ा। खेल के प्रति राहुल के जुनून को देखकर परिवार के लोगों ने उनका दाखिला बल्लभगढ़ स्थित एक क्रिकेट अकादमी में करा दिया। वहां कुछ दिन क्रिकेट की बारीकियां सीखने के बाद राहुल पूर्व भारतीय क्रिकेटर विजय यादव की अकादमी में आ गए। आईपीएल नीलामी से पहले टी-20 सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में राहुल ने शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
लेग स्पिनर के पिता कृष्णपाल तेवतिया ने कहा कि उनका बेटा क्रिकेट के सिवाय कुछ और नहीं सोचता। वर्ष 2017 के आईपीएल में राहुल को 25 लाख रुपये में पंजाब किंग्स इलेवन ने खरीदा था, लेकिन शुरुआती 11 मैचों में टीम प्रबंधन ने राहुल को टीम में शामिल नहीं किया।
राहुल को 11 मैचों के बाद बारहवें मैच में कोलकाता नाइट राइडर के खिलाफ मौका दिया गया। मौका मिलते ही राहुल ने अपनी क्षमता को दिखाते हुए तीन विकेट हासिल किए। इस मैच में राहुल ने गौतम गंभीर और रोबिन उत्थपा को पैवेलियन की राह दिखाई। आईपीएल 2020 ने राहुल तेवतिया को स्टार बनाया। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट झटके, जिसमें वॉटसन और सैम करन का महत्वपूर्ण विकेट शामिल थे। इसके साथ ही 10 रन भी बनाए थे। अगले मैच में उन्होंने बाद कुछ ही पलों में ऐसी धमाकेदार बल्लेबाजी की कि वो रातों-रात स्टार बन गए। राहुल के अनुसार वह अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी से टीम को जिताने का पूरा प्रयास करेंगे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर विजय यादव ने कहा कि राहुल एक अलग किस्म का गेंदबाज हैं। टी-20 जैसे फार्मेट में भी वह विकेट हासिल करने का प्रयास करता है।
इन टीमों से खेलते हैं राहुल
हरियाणा रणजी ट्राफी, आयल नेचुरल गैस कार्पोरेशन, दिल्ली डेयर डेविल्स