फरीदाबाद। सदर थाना इलाके में झगड़े का बीच-बचाव करने गए एक अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अधिवक्ता को जिसने फोन पर धमकी दी वह फिलहाल बाल सुधार गृह में बंद है। अधिवक्ता ने पुलिस से अपनी जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
गांव लडौली निवासी हरीश कुमार अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि 26 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे फतेहपुर बिल्लौच मार्केट में गया था। जहां आनंद भारद्वाज एडवोकेट के घर में कुछ लोग झगड़ा कर रहे थे। शोर सुनकर घर के अंदर चले गए। तभी जगमोहन व गोपाल उर्फ लाला ने उन्हें धक्का मारा और कहा कि बीच में आया तो जान से मार देंगे। अगले दिन उनके फोन पर सुबह करीब आठ बजे गोपाल उर्फ लाला के नंबर से फोन आया। उसने अपने भाई को कॉन्फ्रेंस पर लेकर बात कराई। जबकि, उसका भाई बाल सुधार गृह में बंद है। आरोपी ने कहा कि वकील हो या कुछ भी हो सब वहम निकाल देगा। हरीश कुमार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके साथ कोर्ट से घर आते-जाते समय कोई भी घटना हो सकती है। आरोपी हत्या व हत्या के प्रयास के तीन मामले दर्ज हैं।