फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों में प्रवेश उत्सव मनाया जा रहा है। एक अप्रैल से स्कूल प्रवेश द्वार पर सरकारी स्कूल शिक्षा के लाभ की जानकारी देते हुए पोस्टर लगाकर छात्रों को दाखिले के लिए रिझाने की कवायद शुरू हो गई है। इस बार दाखिले को प्रचार तक सीमित नहीं रखा जाएगा बल्कि स्कूल अपने क्षेत्र विशेष में घर-घर सर्वे कर शिक्षा से वंचितों को दाखिले के लिए प्रेरित करने पर पूरा जोर देंगे।
एनआईटी-5 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दाखिले बढ़ाने के लिए छात्रों, अध्यापकों व अभिभावकों ने राहगीरों को जागरूक किया। इस दौरान राजकीय स्कूल में दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी वाला पोस्टर चस्पा किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य करण पाल ने बताया कि मौजूदा समय में स्कूल में कक्षा 6वीं से 12वीं तक 1369 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इस बार प्रवेश उत्सव के जरिए दाखिला संख्या 1500 के पार ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा विभाग की ओर से निर्देश हैं कि राजकीय स्कूल में दाखिले के फायदे, सरकारी योजना का विस्तार घर-घर किया जाए। इसमें स्कूल क्षेत्र में आने वाले रिहायशी मकान व क्षेत्र में सर्वे कर बच्चों को स्कूल में पढ़ने के लिए प्रेरित करने के निर्देश हैं। इसलिए स्कूल के अध्यापकों को प्रेरित कर राजकीय स्कूल में दाखिले की दर बढ़ाएंगे। एनआईटी-3 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र मनचंदा ने बताया कि उनके स्कूल में फिलहाल 1883 छात्राएं पढ़ाई कर रही हैं। इस सत्र में प्रवेश उत्सव के जरिए दो हजार विद्यार्थी संख्या हासिल करने का लक्ष्य है। इसके लिए नजदीकी क्षेत्र में लोगों को प्रेरित कर बच्चों को दाखिला दिलाने का प्रयास है।
स्कूल दाखिले के लिए प्रवेश उत्सव की तैयारी जोरशोर से है। निर्देश दिए जा चुके हैं। प्रयास रहेगा कि ऐसे क्षेत्र व स्कूल चिन्हित किए जाएं, जहां दाखिला दर कम है। ऐसे इलाकों में स्वयं अध्यापकों व क्षेत्र मुखिया के साथ दाखिला बढ़ाने का प्रयास करेंगे। - रितु चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी