मेले में विभिन्न उत्पादों के करीब 250 स्टॉल होंगे, पिछले वर्ष 200 स्टॉल थे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा पर्यटन निगम की ओर से 23 अक्तूबर से सूरजकुंड दिवाली मेला आयोजित किया जाएगा। मेले की घोषणा के साथ ही इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्वदेशी उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने वाले इस मेले में इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले में विभिन्न उत्पादों के करीब 250 स्टॉल होंगे, जबकि पिछले वर्ष लगभग 200 स्टॉल लगाए गए थे।
मेले में देश के विभिन्न हिस्सों की हस्तशिल्प कला और स्वदेशी उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। यहां टेराकोटा की कृतियों, हथकरघा, फर्नीचर और लकड़ी पर नक्काशी सहित अन्य हस्तशिल्प से जुड़े उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा अन्य राज्यों के बुनकरों और शिल्पकारों को भी मेले में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा।
मेले के नोडल अधिकारी हरविंद्र सिंह यादव ने बताया कि स्टॉलों के आवंटन की प्रक्रिया को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। स्थानीय शिल्पकारों के साथ-साथ अन्य प्रदेशों के बुनकरों और हस्तशिल्पियों को भी स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। इससे मेले में देश के अलग-अलग क्षेत्रों की कला और संस्कृति को एक मंच पर देखने का अवसर मिलेगा।
दिवाली मेले में खरीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मेले में हरियाणवी संस्कृति की झलक प्रमुखता से दिखाई देगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए हरियाणवी कलाकारों को प्राथमिकता देने की तैयारी है। ऐसे में मेले में हस्तशिल्प, स्वदेशी उत्पादों के साथ लोक कला और संस्कृति का भी रंग देखने को मिलेगा।
आयोजन को लेकर पर्यटन निगम की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, मेले को आकर्षक बनाने के साथ आगंतुकों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाएगा।