फरीदाबाद। शिक्षा निदेशालय ने सुपर-100 का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके लिए निदेशालय के गूगल लिंक पर 31 मई तक पंजीकरण करा सकेंगे। इस संबंध में निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी कर दिया है।
राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाली मेधावी विद्यार्थियों के लिए सुपर-100 कल्याणकारी कार्यक्रम के तहत जेईई और नीट की तैयारी की शुरुआत वर्ष 2018 में की गई थी। इसके तहत चुने गए छात्रों को नि:शुल्क कोचिंग दी जाती है। योजना के तहत नौवीं कक्षा में 60 प्रतिशत व उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों और 10वीं की बोर्ड परीक्षा दी हो, वह आवेदन कर सकते हैं।
चुने गए विद्यार्थियों को आईआईटी व नीट की दो साल तक रेवाड़ी, करनाल, पंचकूला, हिसार और सिरसा में मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए लेवल एक की परीक्षा जिला स्तर पर चार जून को आयोजित की जाएगी जिसका परिणाम 20 जून को जारी होगा। लेवल दो की परीक्षाएं 24 जून से आठ जुलाई तक होंगी। इसका परिणाम 10 जुलाई को जारी होगा। इसमें 400 विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा जबकि 200 विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी।
सुपर-100 कार्यक्रम की इस प्रकार होंगी परीक्षाएं
सुपर-100 की परीक्षा में कक्षा नौंवी का 45 प्रतिशत पाठ्यक्रम और दसवीं कक्षा का 65 प्रतिशत पाठ्यक्रम आएगा। इस परीक्षा में भौतिकी के 10 प्रश्न, रसायन के 10 प्रश्न, जीव विज्ञान के 10 प्रश्न, गणित के 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा 240 अंक की रहेगी।
सुपर-100 के लिए 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसकी जानकारी जिले के सभी सरकारी स्कूलों के मुखिया को दे दी गई है।
-रितु चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी