-अंत्योदय सरल पोर्टल पर करना होगा आवेदन, छात्रों को राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब छात्र स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र (एसएलसी) के लिए अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह पहली बार होगा जब इस प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बार-बार स्कूल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय की भी बचत होगी।
जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल एमआईएस पोर्टल पर विद्यालयों का डेटा अपडेट किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में जिले के करीब 100 सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूल शामिल हैं। डेटा अपडेट होने के बाद छात्रों को ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिल सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार इस पहल का सबसे अधिक लाभ कक्षा नौवीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा। पहले छात्रों को आवेदन के लिए स्कूल में कई बार जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की खपत होती थी। ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बनेगी।
उन्होंने बताया कि अभी इस योजना के प्रथम चरण पर काम चल रहा है। तकनीकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं ताकि पोर्टल सुचारु रूप से कार्य कर सके। हालांकि विभाग की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक लिखित निर्देश जारी नहीं हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी तैयारियां पूरी होते ही पोर्टल शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही छात्र इस नई सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
वर्जन
यह पहली बार होगा कि छात्र एसएलसी के लिए खुद ही आवेदन कर सकेंगे। सरल पोर्टल पर इससे पहले राशन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी सुविधाएं ही उपलब्ध थीं। इस पहल से जिले के छात्रों को फायदा होगा और उनके समय की बचत होगी।-
अंशु सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी